Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

प्रमंडलीय तैलिक वैश्य अधिकार चिंतन सम्मेलन का आयोजन: तैलिक समाज के सशक्तिकरण पर जोर

अभिषेक की रिपोर्ट 



रविवार को कोसी प्रमंडलीय मुख्यालय में तैलिक वैश्य समाज के अधिकार और सशक्तिकरण पर केंद्रित "प्रमंडलीय तैलिक वैश्य अधिकार चिंतन सम्मेलन" का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत प्रदेश तैलिक सभा के अध्यक्ष और विधायक रणविजय साहू, पूर्व विधान परिषद सदस्य लाल बाबू प्रसाद, वैश्य सभा प्रदेश उपाध्यक्ष साहू भूपाल भारती, विधायक गुंजेश्वर साह, और कार्यक्रम अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर की।

समारोह से पहले, समाज के लोगों ने एक विशाल रैली निकाली, जो प्रमंडल के प्रेक्षागृह तक पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर रणविजय साहू ने समाज के एकजुटता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, "तैलिक समाज को बिहार के प्रत्येक प्रखंड और पंचायत में मजबूत करने की आवश्यकता है। हमारी एकजुटता ही हमारे राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ा सकती है।" उन्होंने समाज को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त करने का आह्वान किया।


पूर्व विधान परिषद सदस्य लाल बाबू प्रसाद ने कहा, "समाज को आज नए नेतृत्व की आवश्यकता है, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के बीच संगठित होकर नेतृत्व प्रदान करने की दिशा में कार्य करना आवश्यक है।"

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज गुप्ता ने तैलिक समाज के उत्पीड़न का जिक्र किया और कहा कि कोसी जैसे पिछड़े क्षेत्र में समाज लंबे समय से अत्याचार झेल रहा है। उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है कि हम अपने अधिकारों के लिए लड़ें, एकजुट होकर अपने नेतृत्व को स्थापित करें और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करें।"

इस चिंतन सम्मेलन में तैलिक समाज के नेताओं ने आबादी के अनुपात में राजनीतिक भागीदारी की कमी पर चिंता जताई। सभा के उपाध्यक्ष साहू भूपाल भारती ने कहा कि "बिहार के तैलिक समाज की 40 लाख से अधिक की आबादी होने के बावजूद राजनीतिक भागीदारी नगण्य है।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समाज को संगठित होकर अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा।

कार्यक्रम का संचालन महिषी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी श्री चंदन साह बागची ने किया। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा सिम्मी गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र साहू, डॉ. अभिषेक वर्धन, मुखिया राजकुमार साह, और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सम्मेलन में समाज के भविष्य और अधिकारों की सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने की अपील की गई।


Bihar की हर खबर के लिए जुड़े रहिए Chandra Times के साथ… साथ हीं हर खबर से जुड़े रहने के लिए Chandra Times का News APP जरूर डाउनलोड कर लें

Post a Comment

0 Comments